वाराणसी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के काशी के दौरे पर हैं। प्रियंका यहां राजघाट स्थित रविदास मंदिर में मत्था टेकने के बाद नागरिकता संशोधन काननू के विरोध में गिरफ्तार 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करेंगी। बजरडीहा का भी दौरा संभावित है। यहां 19 दिसंबर को सीएए के विरोध में हिंसा के दौरान भगदड़ में एक युवक की मौत हो गई थी। पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले जनवरी माह में प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाया गया था। तब से प्रियंका का चौथा काशी दौरा है। प्रियंका के दौरे को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन अलर्ट है।
करीब तीन घंटे काशी में बीतेगा समय
पूर्व विधायक अजय राय ने बताया कि, प्रियंका गांधी वाराणसी में करीब तीन घंटे रहेंगी। प्रियंका गांधी सुबह विमान से बाबतपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद राजघाट स्थित रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद घाट पर ही वे सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं व महिलाओं से संवाद करेंगी। अपने विचारों को भी रखेंगी। इस कार्यक्रम में वे भी हिस्सेदार हैं, जो नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बीते दिनों जेल गए थे।
संभावना है कि, प्रियंका गांधी वाराणसी के बजरडीहा जा सकती हैं। जहां बीते 19 दिसंबर को नागरिकता संशोधन काननू के विरोध में हिंसा के दौरान एक युवक की मौत हो गई थी। प्रियंका मृतक के परिवार से मुलाकात कर सकती हैं। प्रियंका गांधी के काशी आगमन सूचना पर जिला व पुलिस प्रशासन अलर्ट है। खूफिया एजेंसियों को सचेत किया गया है। प्रियंका से जुड़े कार्यक्रमों के इनपुट अफसरों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
बेनियाबाग से हुई थी 56 प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी
धारा 144 प्रभावी होने के बावजूद 19 दिसंबर को बेनियाबाग के पास नागरिकता संसोधन बिल को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने यहां से 56 लोगों की गिरफ्तारी की थी। जिन पर निषेधाज्ञा के उलंघन, हिंसा भड़काने जैसी धाराएं लगाई गई थीं। पर्यावरण मुद्दों पर काम करने वाले सोशल वर्कर दंपती एकता और रवि, लोकमंच के अध्यक्ष संजीव सिंह, बीएचयू शोध छात्र धनंजय समेत कई अन्य छात्रों से प्रियंका मुलाकात करेंगी। साथ ही में संपूर्णानंद सांस्कृत विश्वविद्यालय में बुधवार को हुए छात्र संघ चुनाव में जीते प्रत्याशियों से भी मिलेंगी। जिनमें पुस्तकालय मंत्री रजनीकांत, महामंत्री अवनीश मिश्र, उपाध्यक्ष चंदन, अध्यक्ष शिवम शुक्ला शामिल रहेंगे।
करीब छह माह पहले काशी आई थीं प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इससे पहले आखिरी बार 19 जुलाई को काशी आई थीं। उन्होंने सोनभद्र के उंभा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हत्याकांड के पीड़ितों से बीएचयू के ट्रामा सेंटर में मुलाकात की थी। उससे पहले प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव के दौरान 16 मई को कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के लिए रोड शो करने आयी थीं। उससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान 20 मार्च को वो गंगा यात्रा करते हुए प्रयागराज से वाराणसी पहुंची थीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/305t7GV

0 Comments