खेल डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने फिटनेस टेस्ट के लिए 19 खिलाड़ियों को बुलाया था। हैरानी की बात यह है कि इनमें से सिर्फ 9 खिलाड़ी ही ऐसे थे जो 6 और 7 जनवरी को हुए इस टेस्ट में शामिल हुए। इनकी फिटनेस रिपोर्ट भी बोर्ड ने जारी नहीं की। जो प्लेयर फिटनेस लेवल टेस्ट में शामिल नहीं हुए, उन्होंने न आने के अलग-अलग बहाने बनाए। बता दें कि पीसीबी ने कुछ दिनों पहले कहा था कि जो खिलाड़ी टेस्ट पास नहीं करेगा, उसकी सैलरी का 15 फीसदी हिस्सा बोर्ड काट लेगा। माना जा रहा है कि इसी वजह से कई प्लेयर टेस्ट देने कराची नहीं आए।
सरफराज और बाबर पहुंचे
पीसीबी ने सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट में ए,बी और सी कैटेगरी बनाई हैं। इनमें कुल 19 खिलाड़ी हैं। इनको बोर्ड अलग-अलग वेतन देता है। हेड कोच और चीफ सिलेक्टर मिस्बाह उल हक ने पिछले दिनों पीसीबी सीईओ के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। मिस्बाह ने अनफिट खिलाड़ियों को वॉर्निंग में कहा था कि टेस्ट पास न करने की हालत में 15 फीसदी फीस कट जाएगी। कराची में दो दिन चले फिटनेस टेस्ट में बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी, इमाम उल हक, आबिद अली, असद शफीक, शान मसूद, मोहम्मद अब्बास, इमाद वसीम और पूर्व कप्तान सरफराज अहमद शामिल हुए।
टेस्ट कप्तान भी गैर हाजिर
खास बात यह है कि फिटनेस लेवल टेस्ट में टेस्ट कप्तान अजहर अली ही मौजूद नहीं थे। मोहम्मद आमिर, वहाब रियाज और हसन अली उन प्लेयर्स में शामिल हैं जो कराची नहीं पहुंचे। कथित तौर पर 16 साल के नसीम शाह भी इससे दूर रहे। ‘जियो टीवी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी के सामने सवाल यह है कि जो खिलाड़ी फिटनेस टेस्ट में नहीं पहुंचे उन पर कोई कार्रवाई की जाए या मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाए। पूर्व कप्तान आमिर सोहेल ने तो फिटनेस टेस्ट का मजाक उड़ाया। कहा- बोर्ड ये टेस्ट लेता ही क्यों है? क्या ये ओलिंपिक में हिस्सा लेंगे।
इन प्लेयर्स का फिटनेस टेस्ट होना था
ए - कैटेगरी : बाबर आजम, सरफराज अहमद और यासिर शाह।
बी - कैटेगरी : असद शफीद, अजहर अली, हारिस सोहेल, इमाम उल हक, मोहम्मद अब्बास, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी और वहाब रियाज।
सी - कैटेगरी : आबिद अली, हसन अली, फखर जमान, इमाद वसीम, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद रिजवान, शान मसूद और उस्मान शिनवारी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/39LZ3Vj

0 Comments