दिल्ली/शिमला/लखनऊ/देहरादून. बुधवार को हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद 8 जिलों में 1 से 4 फीट तक बर्फ जम गई है। इसके कारण 588 सड़कों को बंद करना पड़ा है। वहीं, प्रदेश में 2436 बिजली सप्लाई लाइन भी बाधित हुईं। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के ऊपर बने सिस्टम के चलते अगले 24 घंटों में उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, और पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है
बुधवार को दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में हल्की बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार सुबह 5:30 बजे तक 6 मिमी जबकि पालम में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 11 बजे पारा 13 डिग्री सेल्सियस के करीब था। वहीं, अधिकतम तापमान 16 डिग्री के आस-पास रहा। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के कारण पारा 4 से 5 डिग्री लुढ़क सकता है। वहीं, राजधानी घने कोहरे की चपेट में आ सकती है। दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे ऐसा मौसम रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश ने बढ़ाई ठंड
राजधानी लखनऊ में भी बुधवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिसके कारण तापमान नीचे आया। इससे पहले मंगलवार को लोगों ने ठंड से बड़ी राहत मिली थी। लेकिन बुधवार सुबह पांच बजे से मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई। इसके कारण टीचर भर्ती परीक्षा(टीईटी) देने आए लोगों को काफी परेशानी होना पड़ा। लखनऊ के अलावा राय बरेली, अयोध्या, अमेठी, वाराणसी में भी हल्की बूंदा-बांदी हुई। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार से मौसम साफ हो सकता है। हालांकि, कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहां से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं मौसम को सूखा रखेंगी, जिसके चलते इस हफ्ते के आखिर में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी
राजस्थान में शीत लहर तथा राजधानी जयपुर सहित कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की वजह से कड़ाके की ठंड जारी है। जयपुर में मंगलवार देर रात बूंदाबांदी हुई जबकि सवाईमाधोपुर में दो मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। गंगानगर में भी 0.7 मिलीमीटर बारिश हुई। हालांकि पिछले दो-तीन दिन से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है और शीत लहर के कारण जयपुर जिले में बंद स्कूल बुधवार को खुल गए। जयपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चौबीस घंटों में कई स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में बारिश होगी : मौसम विभाग
पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिम विक्षोभ के कारण उत्तराखंड में भी अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस सिस्टम के चलते पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश हो सकती है। कई मैदानी राज्यों में भी इसका असर नजर आ सकता है। अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कई स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/weather-warnings-cold-wave-rain-today-updates-himachal-pradesh-chhattisgarh-uttarakhand-punjab-karnal-rajasthan-jaipur-126467492.html

0 Comments